Faridabad/Alive News: सतयुग दर्शन ट्रस्ट के तत्वावधान में सतयुग दर्शन विद्यालय एवं सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र द्वारा लोहड़ी के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महामंत्र “साडा है सजन राम, राम है कुल जहान” के उच्चारण के साथ हुआ, जिसका भावार्थ ईश्वर को मित्र, प्रियतम और सर्वव्यापक मानते हुए उनके गुणों को जीवन में अपनाने का संदेश देता है। इस अवसर पर सतयुग दर्शन ट्रस्ट के मार्गदर्शक परमपूज्य सज्जन जी, मैनेजिंग ट्रस्टी रेशमा गांधी एवं अनुपमा तलवार जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कला, संस्कृति और जीवन मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक हितार्थो चटर्जी ने राग चारुकेशी की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ विश्व प्रसिद्ध तबला वादक सुमन चटर्जी ने तबले पर संगत की, जबकि हारमोनियम पर केशव शुक्ल ने साथ दिया। इसके पश्चात राजकुमार गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र के विद्यार्थियों खुशबू शर्मा, रवि, पूजा यादव, कुंदन मिश्रा, वैभव, शिवम मिश्रा, मन्नत एवं महक ने रूपक ताल में राग आसावरी का शास्त्रीय गायन तथा पंजाब के पारंपरिक लोक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं सतयुग दर्शन विद्यालय के विद्यार्थियों ने लोहड़ी पर्व के अवसर पर गिद्दा प्रस्तुत कर समां बांध दिया। सभी प्रस्तुतियों में अनुशासन, साधना और सांस्कृतिक चेतना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, आनंद और सांस्कृतिक भावनाओं के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने लोहड़ी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके सामाजिक और सांस्कृतिक पक्षों की जानकारी दी। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र के प्राचार्य दीपेंद्र कांत ने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं। अंत में विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल मिस नसरीन खान ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

