Faridabad/Alive News: जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त विक्रम सिंह ने सभी विभागों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि महोत्सव 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक एचएसवीपी कन्वेंशन सेंटर, सेक्टर-12 में बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा।
डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि 29 नवंबर को हवन और गीता पूजन के साथ महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें स्कूली बच्चों और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उन्होंने बताया कि कॉलेजीय स्तर पर पहले दिन गीता मनीषी गीता के महत्व पर व्याख्यान देंगे, वहीं सेमिनार में छात्र गीता श्लोकों का उच्चारण करेंगे।
डीसी ने कहा कि 30 नवंबर को भव्य नगर शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें गीता आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 1 दिसंबर को स्कूली बच्चों द्वारा ग्लोबल गीता चैंटिंग, गीता आरती और दीप दान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि महोत्सव स्थल व शोभायात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से अपील की कि वे कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने और आमजन को इससे जोड़ने में अपना योगदान दें।
बैठक में एडीसी सतबीर मान, सीईओ जिला परिषद शिखा, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, आरटीए सचिव मुनीश सहगल, एसीपी राजीव कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कई सामाजिक और धार्मिक संगठन मौजूद रहे।

