Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराध पर नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने जमानत के बाद 21 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनोज उर्फ आसू को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 17 जनवरी 2001 को सेक्टर-17, फरीदाबाद निवासी अशोक मंगला ने शिकायत दी थी कि 7–8 अज्ञात बदमाशों ने उनके घर में घुसकर चाकू के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और नकदी व सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सेंट्रल, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि इस लूट की वारदात में शामिल आरोपी मनोज उर्फ आसू, निवासी पहाड़गंज, नई दिल्ली (वर्तमान निवासी नेहरू नगर, दिल्ली) वर्ष 2004 में जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
लगातार प्रयासों के बाद अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी को नेहरू नगर, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

