Faridabad/Alive News: चार्मवुड विलेज स्थित कैनवुड सोसायटी में शनिवार रात कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को छह PCR वैन मौके पर भेजनी पड़ी। मामला शनिवार की देर रात से लेकर रविवार की सुबह करीब 4 बजे तक चलता रहा।
पुलिस के अनुसार, सोसायटी के निवासियों और कुछ डॉग लवर महिलाओं के बीच झगड़ा हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुत्तों को खाना खिलाने वाली महिलाओं ने सोसायटी की एक महिला और 10 साल के बच्चे पर पेपर स्प्रे किया। वहीं, महिलाओं का कहना है कि सोसायटी के लोगों ने उनके साथ मारपीट की और फोन छीन लिये थे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात करीब 10 बजे दो महिलाएं सोसायटी में कुत्तों को खाना खिला रही थीं। इसी दौरान एक कुत्ते ने डिलीवरी बॉय पर हमला कर दिया। इससे सोसायटी निवासी और डॉग लवर महिलाओं के बीच बहस शुरू हो गई, जो झगड़े में बदल गई। स्थिति ज्यादा बिगड़ने पर सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद अपनी टीम और महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
डॉग लवर महिलाओं का कहना है कि वे पीपल फॉर एनिमल संस्था से जुड़ी हैं और निगम ने बनाए फीडिंग प्वाइंट पर ही कुत्तों को खाना खिलाती हैं। उनका दावा है कि सभी कुत्तों की नसबंदी हो चुकी है और वे गाइडलाइंस के अनुसार ही काम करती हैं। महिलाओं ने कहा कि डिलीवरी बॉय बाइक से गिरा था, उसे कुत्ते ने नहीं काटा, लेकिन लोगों ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया।
डॉग लवर महिलाओं का आरोप है कि सोसायटी के कुछ लोगों ने उनका फोन छीन लिया और उन्हें गाड़ी में बैठाने के बाद डेढ़ घंटे तक घेरकर रखा। भीड़ बार-बार गाड़ी का दरवाजा खोलने और महिलाओं पर हमला करने की कोशिश करती रही।महिलाओं के भाई को भी चोट लगी।
वहीं, सोसायटी के निवासियों का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद महिलाएं सोसायटी के अंदर सार्वजनिक जगहों पर कुत्तों को खाना खिलाती हैं, जिससे कई बार कुत्तों के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं।
यह पहली बार नहीं है कि जब कुत्तों को लेकर ऐसा विवाद नही हुआ हो। 28 अगस्त को प्रिंसेस पार्क सोसायटी में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां पर भी कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें आरडब्ल्यूए ने एक डॉग लवर महिला पर 1.25 लाख का जुर्माना लगाया था। कुछ दिनों बाद उस सोसायटी में महिला और सिक्योरिटी गार्ड के बीच मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ था।
फिलहाल, कैनवुड सोसायटी के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

