March 7, 2026

ग्रीनफील्ड को सेक्टर-45 से जोड़ने के लिए बुढ़िया नाले पर बनेगा पुल

Faridabad/Alive News: ग्रीनफील्ड क्षेत्र को सेक्टर-45 से सीधी और सुगम कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए बुढ़िया नाले पर पुल निर्माण की योजना को आगे बढ़ाया गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने इसके लिए सर्वे कार्य पूरा कर लिया है। सर्वे में पुल निर्माण के लिए तीन संभावित अलायमेंट चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से एक को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। अलाइमेंट तय होने के बाद परियोजना का एस्टीमेट तैयार किया जाएगा और फिर टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि बुढ़िया नाले पर पुल निर्माण की सिफारिश केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने की थी।

पुल के निर्माण से आसपास की आधा दर्जन कॉलोनियों और कई सेक्टरों में रहने वाले हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में ग्रीनफील्ड क्षेत्र के निवासियों को दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग जाने के लिए एनएचपीसी रेलवे अंडरपास से गुजरना पड़ता है, जहां मानसून के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस समस्या को देखते हुए नई कनेक्टिविटी के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए थे।

बुढ़िया नाला अरावली पहाड़ियों से निकलकर यमुना नदी में जाकर मिलता है और यह कई सेक्टरों व कॉलोनियों को विभाजित करता है। नगर योजनाकार विभाग से लाइसेंस प्राप्त ग्रीनफील्ड, चार्मवुड विलेज सहित अन्य कॉलोनियों के लोगों को यदि सेक्टर-45, 46, मेवला महाराजपुर और सेक्टर-21 ए, बी, सी व डी की ओर आना-जाना हो, तो उन्हें सूरजकुंड रोड या फिर एनएचपीसी रेलवे अंडरपास का सहारा लेना पड़ता है। बारिश के दौरान अंडरपास में पानी भरने से इसे बंद करना पड़ता है, जिससे हजारों लोगों को परेशानी होती है और अन्य रेलवे पुलों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है।

प्राधिकरण के एसडीओ प्रेम प्रकाश ने बताया कि प्रस्तावित स्थल पर कुछ बिजली के खंभे मौजूद हैं। अलायमेंट तय होने के बाद इन अड़चनों को भी दूर किया जाएगा। पुल निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को मानसून के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।