June 13, 2026

ADGP की पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक, शहर में 6 पुलिस कंपनियां तैनात

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हरियाणा पुलिस की ADGP चारु बाली ने सेक्टर-21 सी स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में उच्च पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, महिला सुरक्षा और महिला अपराधों से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

ADGP चारु बाली ने साफ कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। महिला अपराध से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने महिला थानों में दर्ज मामलों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी खुद मौके पर जाकर जांच करें।

पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि फरीदाबाद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक महिला पुलिस कंपनी सहित कुल 6 पुलिस कंपनियां तैनात की गई हैं। प्रत्येक कंपनी में लगभग 107 पुलिसकर्मी हैं, जो जरूरत पड़ने पर तुरंत ड्यूटी के लिए उपलब्ध रहते हैं। इन पुलिसकर्मियों को समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि 19 से 24 जनवरी तक पुलिस लाइन सेक्टर-30 में रैपिड एक्शन फोर्स द्वारा जवानों को दंगा नियंत्रण और कानून व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें आधुनिक तकनीक और रणनीतियों की जानकारी दी गई।

बैठक में पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता के अलावा डीसीपी मुख्यालय अभिषेक जोरवाल, डीसीपी एनआईटी मकसूद अहमद, डीसीपी सेंट्रल उषा, डीसीपी बल्लभगढ़ राजकुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।