October 27, 2024

कुछ लोगों को हर रात सोने से पहले सोशल मीडिया पर सीएम बदलने का शौक: मनोहर लाल खट्टर

chandigarh/Alive News: हरियाणा में करनाल में रविवार को भगवान परशुराम महाकुंभ राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने शिरकत की। मंच पर मौजूद नेताओं ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्राह्मण का अर्थ जो ब्रह्म को जानता है, जो भगवान से मिलाता है, वो है ब्राह्मण। ब्राह्मण समाज का दर्जा सबसे ऊपर और उसे हमेशा ऊपर रखने का काम समाज के लोगों ने किया है और करते रहेंगे। वहीं इस मंच से सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनवाया और कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।

मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में फव्वारा चौक का नाम मति दास सती दास चौक रखा जाएगा। महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी में आचार्य चाणक्य के नाम से चेयर स्थापित की जाएगी। पुजारी और पुरोहित कल्याण बोर्ड बनाया जाएगा और पुजारी और पुरोहित का कुशलता के आधार पर वेतन भी फिक्स किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमएस और एमडी की सीटों के लिए स्वीकृत के लिए केंद्र सरकार को भेज दी है।

कैथल में बनने वाले मेडिकल कालेज का नाम भगवान परशुराम के नाम से ही रखा जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि परशुराम जयंती पर हॉलिडे भी रखा जाएगा। पहरावर की जमीन गौड़ ब्राह्मण समाज को मिलेगी। भगवान परशुराम के चित्र की डाक टिकट भी जारी की जाएगी। परशुराम सेवा सदन के नाम से 2000 हजार गज का प्लॉट दिया जाएगा। परशुराम चौक से गांधी चौक तक के मार्ग का नाम भगवान परशुराम मार्ग रखा जाएगा। शहर के अंदर कोई बड़ा पार्क मिलेगा तो उसमे भगवान परशुराम की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

विपक्ष पर साधा निशाना
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नही है। हर छोटी बात में से कुछ न कुछ निकाल लेते है। वहीं उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ लोग हर रोज रात को मुख्यमंत्री को बदलकर सोते है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। इस सोशल मीडिया से कुछ नही होने वाला। मुख्यमंत्री ने साथ ही अपनी विपक्षियों को कहा कि जब इससे थक जाओ तो बता देना मै तुम्हें और काम बता दूंगा।