August 6, 2026

छात्र छात्राओं को सड़क सुरक्षा, महिला व बाल अपराध के प्रति किया जागरूक

Faridabad/Alive News: सेल प्रभारी इंस्पेक्टर सविता व दुर्गा शक्ति टीम ने राजकीय उच्च विद्यालय भैन्सरावली पहुंचकर छात्र छात्राओं को सड़क सुरक्षा, महिला व बाल अपराध के सम्बन्ध में जागरूक किया। इस अवसर पर स्कूल प्रशासन की तरफ से प्रिंसिपल सुनील कुमार तथा शिक्षकगण नरेश कुमार, सुनील हुड्डा, संजय अधाना, वीरसेन तथा मनीष कौशिक भी मौजूद रहे।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस छात्र छात्राओं को विभिन्न सामाजिक मुद्दों के बारे में जागरूक करने के लिए भैंसरावली स्थित राजकीय उच्च विद्यालय पहुंची थी। जहां पर प्रिंसिपल सुनील कुमार ने पुलिस टीम का भव्य स्वागत किया और छात्रों को जानकारी प्रदान करने के लिए आमंत्रित किया।

इंस्पेक्टर सविता ने छात्रों को साइबर अपराध के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि आजकल ठगों ने लोगों के साथ जालसाजी करने के नए-नए तरीके निकाल लिए हैं और वह अलग-अलग बहाने बनाकर नागरिकों को फोन करते हैं और उनसे उनके बैंक अकाउंट क्रेडिट या डेबिट कार्ड संबंधित जानकारी निकलवाने की कोशिश करते हैं।

जो लोग शिक्षित और जानकार हैं उन्हें इन साइबर अपराधियों के मंसूबों का अंदाजा हो जाता है परंतु ज्ञान के अभाव में कुछ भोले-भाले लोग इनकी जालसाजी में आ जाते हैं और इन साइबर अपराधियों के बताए अनुसार ही अपने बैंक अकाउंट संबंधित सारी जानकारी इन्हें दे देते हैं जिसके पश्चात यह साइबर ठग उनसे उनके बैंक या क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से सारा पैसा निकाल लेते हैं। इंस्पेक्टर सविता ने छात्रों को जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति आपको, आपके दोस्तों या माता-पिता को किसी भी प्रकार की लॉटरी, इनाम, इंश्योरेंस पॉलिसी, क्रेडिट कार्ड, केवाईसी अपडेट इत्यादि के लिए फोन करता है तो समझ जाइए कि वह किसी न किसी प्रकार की ठगी करने की फिराक में है।

अपने माता-पिता, बड़े छोटे भाई बहन व दोस्तों को समझाएं कि किसी भी प्रकार के लालच में न आएं क्योंकि इस दुनिया में मुफ्त में कोई व्यक्ति किसी को कोई वस्तु नहीं देता इसलिए साइबर अपराधियों से बचें तथा अपने व अपने परिजनों को आर्थिक नुकसान से बचाएं।