September 30, 2024

जे.सी. बोस विश्वविद्यालय मिली ‘ए-प्लस’ ग्रेड मान्यता मिली

Faridabad/Alive News : राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद द्वारा जे.सी. बोस विज्ञान विश्वविद्यालय के दूसरे चक्र में ‘ए-प्लस’ ग्रेड और 3.32 के सीजीपीए के साथ पुन मान्यता प्रदान की गई है। मूल्यांकन का परिणाम 18 अक्टूबर, 2022 को आयोजित नैक की स्थायी समिति की 127वीं बैठक में घोषित किया गया, जो अगले पांच वर्षों के लिए वैध रहेगा। राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नैक) विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा वित्त पोषित एक स्वायत्त निकाय है जो भारत में उच्च शिक्षा संस्थानों का मूल्यांकन और मान्यता देता है।

वर्ष 2016 में, विश्वविद्यालय को मान्यता के पहले चक्र में नैक द्वारा ‘ए’ ग्रेड मान्यता प्रदान की गई थी तथा दूसरे चक्र में विश्वविद्यालय ने गुणवत्ता मानदंडों में सुधार करते हुए ‘ए-प्लस’ ग्रेड हासिल किया है। हाल ही में 10 से 12 अक्टूबर, 2022 तक पांच सदस्यीय नैक पीयर टीम द्वारा विभिन्न मानदंडों पर विश्वविद्यालय का मूल्यांकन किया गया था।

कुलपति प्रो. एस.के. तोमर ने राज्यपाल-कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय का विश्वविद्यालय को निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया है जिसके कारण विश्वविद्यालय ‘ए-प्लस’ ग्रेड प्राप्त करने में सक्षम बना। उन्होंने कहा कि हरियाणा को शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक पटल पर लाने के हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सपने को साकार करने के लिए विश्वविद्यालय निरंतर प्रयासरत है और इसके लिए प्रतिबद्ध है।

हरियाणा सरकार में तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजयेंद्र कुमार तथा हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक राजीव रतन ने कुलपति प्रो. तोमर को नैक द्वारा ‘ए प्लस’ ग्रेड प्राप्त करने पर बधाई दी है। प्रो. तोमर ने विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता हासिल में सहयोग देने के लिए दोनों अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय की उपलब्धि पर शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों तथा पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. एस.के. तोमर ने कहा कि जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने खुद को देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षा संस्थानों की पंक्ति में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है जो शिक्षा की गुणवत्ता को बनाये रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रयासों को दर्शाता है।