October 3, 2024

बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें, चार दिन बाद भी मंडी में नहीं शुरू हुई धान की खरीद

Faridabad/Alive News: हरियाणा में फसलें पक चुकी हैं। ऐसे में किसान अपनी फसल को बेचने के लिए अनाज मंडी पहुंच रहे है, लेकिन आए दिन बदल रहा मौसम किसानों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। बेमौसम बारिश से किसानों की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। मंडी में पहुंची फसल शेड की कमी के चलते भीग रही है।

उधर, धान की खरीद शुरू नहीं होने से किसानों में काफी रोष है। चार दिन से अनाज मंडी में किसान धान और बाजरे की खरीद का इंतजार कर रहे हैं। किसानों के मुताबिक धान की खरीद न होने का कारण अधिकारी धान में ज्यादा नमी होना बता रहे हैं। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन चार दिनों तक बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस बीच किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।

चार दिन से मंडी में इंतजार कर रहे किसानों के अनुसार उन्हें अपनी फसल का समर्थन मूल्य भी पूरा नहीं मिल रहा है। ऐसे में वह भला अपने परिवार का पालन पोषण कैसे करेंगे। इस समय मंडी में धान बहुत ही सस्ता बिक रहा है। सरकार द्वारा किसानों के लिए किया गया सभी दावा फेल रहा है। वहीं पिछले चार दिनों से मंडी में रहने के कारण अन्य फसलों की कटाई व आगामी फसलों की बुवाई की तैयारियां भी लेट हो रही है।

क्या कहना है किसानों का
नमी को खरीद न होने का कारण बताना सरासर गलत है। हालत यह है कि मंडी में तय मानकों को पूरा करने वाली फसल भी चार दिन से खरीदार का इंतजार कर रही है। किसानों को मंडी में अपनी फसल का पूरा मूल्य भी नही मिल रहा है।
ऋषभ, किसान ददसिया गांव।

अगर बारिश शुरू होने से पहले धान की खरीद न हुई तो किसानों को नुकसान हो सकता है। बारिश से फसल भीगी तो सूखने में न जाने कितने दिन लगेंगे। किसान अन्य फसलों की कटाई और अगली फसल की बुवाई की तैयारी भी नहीं कर पा रहे हैं।
मनोज कुमार, किसान साहपुर कला गांव।

क्या कहना है अधिकारी का
वही मंडी सेक्रेटरी ऋषि कुमार का कहना है धान में नमी अधिक होने के कारण कुछ किसानों की खरीद अभी तक नहीं हो पाई है जल्द ही उन किसानों की फसल खरीद ली जाएगी।
ऋषि कुमार, जनरल सेक्रेटरी बल्लबगढ़ अनाज मंडी