March 12, 2026

शर्मनाकः महिला के चेहरे पर कालिख-चूना पोत गलियों में घुमाया, वीडियो वायरल

Bihar/Alive News: बिहार से मानवता को शर्मसार करने वाली एक खबर आई है। यह खबर दरभंगा जिले की है। 25 से 30 साल उम्र की एक महिला के बाल काट कर सरेआम जुलूस के शक्ल में घुमाया जा रहा है। महिला का आधा चेहरा काले रंग से जबकि शेष आधा चेहरा सफेद रंग से रंगा गया है। एक युवक उसे हाथ पकड़ कर गांव की गलियों में घुमा रहा है और उसके पीछे चल रही भीड़ महिला पर तरह-तरह की फब्तियां कसते हुए सीटी बजा रही है।

एक महिला को अमानवीय रूप से अपमानित करने का यह वीडियो दरभंगा के कुशेश्वरस्थान के पागाही झंझरा पंचायत के छपकाही गांव का बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना कल की है। प्रताड़ित की जा रही महिला पर चरित्र हीनता का आरोप लगाया गया है। महिला फिलहाल लापता है। जानकारी मिली है कि उसे पूरे गांव में सरेआम बेइज्जत करने के बाद गांव की सीमा के बाहर छोड़ दिया गया था।

इस वीडियो में आप साफ़ देख सकते हैं कि कैसे एक महिला पर जुल्म ढाया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। मगर हैरानी की बात है कि दरभंगा पुलिस इतनी बड़ी वारदात से अब तक अनजान है। इस मामले को लेकर पुलिस में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं है। फिलहाल महिला का भी कोई अता पता नहीं चल रहा है। हालांकि, दरभंगा के एसपी सुरेश प्रसाद ने मीडिया से यह जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

बता दें कि बिहार में यह पहला मौका नहीं है जब नारी की अस्मिता को इस प्रकार से सरेआम नीलाम किया गया हो। निश्चित रूप यह पुलिस प्रशासन की नाकामी है कि बार-बार ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। दरभंगा में ठीक 2 दिन पहले जमीनी विवाद में एक महिला को उसने घर में जिंदा जला दिया गया था। उसके बाद आज वायरल हो रहे इस वीडियो ने पुलिस की नींद उड़ा दी है।