April 30, 2024

आप बनी सबसे बड़ी पार्टी, पहली बार मैदान में उतरी और कर दिया बड़ा उलटफेर

Chandigarh/Alive News: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने अपना डंका बजा दिया है। पार्टी ने 35 सीटों में से 14 सीटें जीत ली हैं। वहीं भाजपा ने 12 और कांग्रेस ने 8 सीटों पर कब्जा जमाया है। शिरोमणि अकाली दल को एक सीट पर जीत मिली है। जीत से उत्साहित पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए आप की ईमानदार राजनीति को चुना है।

आप के सभी विजयी उम्मीदवारों एवं सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो पंजाब चुनाव में भी इस चुनाव का असर देखने को मिलेगा। 35 वार्डों पर हो रहे निगम चुनाव के लिए सोमवार को वोटों की गिनती शुरू हुई। सुबह से ही आम आदमी पार्टी ने चुनाव परिणाम में दबदबा बनाकर रखा। सबसे पहले वार्ड 13 का चुनाव परिणाम आया।

सीट के प्रबल दावेदार माने जा रहे आप प्रत्याशी चंद्रमुखी शर्मा को कांग्रेस के सचिन गालव ने हरा दिया। इसके बाद आप ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ाते हुए एक के बाद एक सीट पर कब्जा जमाया। एक ओर जहां दो पूर्व मेयर देवेश मौदगिल व राजेश कालिया हार गए वहीं वर्तमान मेयर रविकांत शर्मा को आप प्रत्याशी बादल ने मात दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजय राणा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला के बेटे सुमित चावला चुनाव हार गए हैं।

इसके अलावा भाजपा की ओर से जीत के प्रबल दावेदार हीरा नेगी, सुनीता धवन चुनाव हार गईं, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सतीश कैंथ भी अपनी सीट नहीं बचा सके। जीत से गदगद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप चंडीगढ़ में पहली बार चुनाव लड़ रही है और मौजूदा रूझानों के मुताबिक चंडीगढ़ की जनता ने हमारा भव्य स्वागत किया है। मैं इसके लिए हर मतदाता और पार्टी कार्यकर्ता को धन्यवाद देना चाहता हूं।