April 30, 2024

विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांग जनों की पूर्ण सहभागिता की गयी सुनिश्चित

Faridabad/Alive News : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनएच तीन में प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में जूनियर रेडक्रॉस, सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और गाइड्स ने विश्व दिव्यांग दिवस पर सभी से दिव्यांग जनों की पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष एक थीम तैयार की जाती है जिस पर वर्षभर काम किया जाता है। विश्व दिव्यांग दिवस 2021 की थीम है ‘पूर्ण सहभागिता और समानता।” इस थीम के अंतर्गत समाज में दिव्यांग लोगों के प्रति सहानुभूति के साथ उन्हें जीवन में हर कार्य में बराबर अवसर अधिकार के प्रति सामान्य नागरिकों को जागरूक करने की आवश्यकता है।

इस के साथ सामाजिक और आर्थिक स्थिति को सुधारने पर ध्यान केंद्रित करने का भी प्रयास करने की आवश्यकता है। तीन दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांग दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दिव्यांगों के प्रति व्यवहार में बदलाव लाना और विकृति लोगों के साथ ही अन्य परिजनों को उनके अधिकार के लिए जागरूकता फैलाना है। 1992 से विश्व दिव्यांग दिवस मनाया जा रहा है। इस दिवस को मनाने का एक और उद्देश्य है उनके प्रति करूणा, आत्‍म सम्‍मान और जीवन को बेहतर बनाने का समर्थन और सहयोग दोनों करना। प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र आम सभा ने 1981 में दिव्यांग जनों के लिए दिव्यांग व्यक्तियों का अंतरराष्‍ट्रीय वर्ष घोषित किया था।

इसके बाद से अनेक क्षेत्रों में उनके लिए काम किया गया और अभी भी जारी है। दिव्यांग व्यक्ति आज केवल न देश बल्कि विदेशों में भी अपने नाम का परचम लहरा रहे हैं और भारत का नाम गर्व से रोशन कर रहे हैं। ओलंपिक में भी अपनी कमजोरियों को मुंह चिढ़ाते हुए मेडल जीतकर आ रहे हैं। हालांकि इन सब के बाद भी विकलांग व्यक्तियों को औरों के बराबर नहीं रखा जाता। ऐसे में दिव्यागों के प्रति लोगों के व्यवहार में बदलाव लाने, इन्हें बराबरी के मौके देने और इनके अधिकारों के लिए सहभागिता की नितांत आवश्यकता है। आज प्राचार्य मनचन्दा, सभी अध्यापकों ने छात्राओं गीता, जुबैदा और अंजुम द्वारा चित्र बना कर दिव्यांगो के प्रति संवेदनाओं को प्रकट करने के लिए अभिनंदन किया।