11 स्वास्थ्य संस्थानों के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान, अब तक खसरे के 48 मामले दर्ज; स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से सहयोग की अपील की
Faridabad/Alive News: जिले में खसरा और रूबेला संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 16 नवंबर से शुरू होकर 15 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत 9 माह से 10 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों का सर्वे किया जाएगा, ताकि टीकाकरण से छूटे बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षा दी जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि सर्वे के दौरान ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी, जिन्हें अब तक कोई टीका नहीं लगा है, जिनका टीकाकरण अधूरा है या जो किसी कारण से टीकाकरण से वंचित रह गए हैं। जिले के 11 स्वास्थ्य संस्थानों और क्षेत्रों को विशेष अभियान के लिए चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों में खसरे के कुल 48 मामले दर्ज किए गए हैं।
अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता, एएनएम और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों की आयु और टीकाकरण की स्थिति की जानकारी जुटाएंगी। जिला टीकाकरण टीम सर्वे के आंकड़ों का सत्यापन करेगी। साथ ही वैक्सीन के स्टॉक की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टीके उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
डॉ. आहूजा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 9 माह से 10 वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण की स्थिति जांचें और सर्वे टीमों को सही जानकारी दें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।

