May 1, 2024

पोषण माह के उपलक्ष्य में आयुष कैंप आयोजित

Palwal/Alive News : चतुर्थ पोषण माह के उपलक्ष्य में नागरिक अस्पताल पलवल में आयुष विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सा शिविर का उद्घाटन उप-सिविल सर्जन डॉक्टर लोकवीर ने किया एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता उप-सिविल सर्जन डॉक्टर अजय माम ने की।

कैंप के इंचार्ज डॉक्टर सतीश शर्मा ने बताया की कैंप में आए व्यक्तियों को आयुर्वेद सिद्धांतों के अनुसार आहार लेने की विधि के बारे में बताया गया कि हमें खाना अपने आमाशय के दो तिहाई भाग के बराबर ग्रहण करना चाहिए, जिससे खाने का पाचन भली-भांति हो जाए। भरपेट खाना नही खाना चाहिए, सायं का भोजन सूर्यास्त से पहले कर लेना चाहिए। इसी प्रकार आहार पौष्टिक होना चाहिए। इसमें सही मात्रा में दाल, हरी सब्जियां, सलाद इत्यादि का प्रयोग करें। बाहर का जंक फूड, बहुत अधिक वसायुक्त भोजन न करें।

महिला चिकित्सक डॉक्टर रुचि दूबे ने बताया की गर्भवती महिलाएं अपने शरीर में रक्त की सही मात्रा बनाकर रखने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियों विशेषकर पालक, मैथी का प्रयोग करें। फलों में विशेषतया अनार, चुकंदर का प्रयोग और गुड़, चने के मिश्रण का मात्रा पूर्वक योग भी शरीर में रक्त की मात्रा को बढ़ाता है। स्तनपान कराने वाली महिलाएं बच्चों को दूध की मात्रा बनाए रखने के लिए उचित मात्रा में आहार लें, दुग्ध का सेवन करें, इसके साथ ही खाने में जीरा, मैथी, शतावर का प्रयोग करें। प्रसूता स्त्रियां सोंठ, दशमूल काढ़े का नियमित सेवन करें।

योगाचार्य रामजीत ने बताया की हम सभी स्वस्थ व्यक्तियों को प्रात: प्रतिदिन चालीस मिनट तक योगाभ्यास करना चाहिए। उन्होंने गर्भावस्था के समय करने वाले योगों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया की सही यौगिक क्रियाओं से हम अपने शरीर और मन को स्वस्थ बनाकर अपने जीवन को सकारात्मक रूप से और अधिक क्रियाशील बना सकते हैं। शिविर में यूनानी डॉक्टर हमीदुल्ला और होम्योपैथिक डॉक्टर प्रवेश अग्रवाल, डॉक्टर पुरेंदर चौहान ने रोगियों का परीक्षण कर उनको उचित परामर्श भी दिया। औषधि का वितरण फार्मासिस्ट अकबर अली, उमर मौहम्मद, सुशीला देवी ने किया।