February 26, 2025

एनआईटी 3 स्थित मस्जिद चौक पर सांसद और बड़खल विधायिका की शान में लगा ये होर्डिंग बोर्ड बना चर्चा का विषय, पढ़िए ख़बर में

Faridabad/Alive News : लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने पूरे शहर को तालाब में तब्दील कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्गों से लेकर सरकारी दफ्तर सहित गलियों की सड़के सभी जलमग्न हो गई है। जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी जलभराव की समस्या से परेशान होकर बीती रात एनआईटी 3 स्थित मस्जिद चौक पर एक अज्ञात व्यक्ति के द्वारा एक होर्डिग लगा दिया गया। जिसमें शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति के लिए बड़खल की विधायिका सीमा त्रिखा तथा फरीदाबाद लोकसभा के सासंद कृष्ण पाल को जिम्मेदार ठहराया गया है। होर्डिग में साफ तौर पर सत्तासीन पार्टियों के नेताओं की कार्यशैली पर सवाल उठाया गया है।

वहीं होर्डिग पर लिखा है कि धन्यवाद जी, लोकप्रिय विधायिका जी व सासंद साहब आपके द्वारा जो स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में जगह- जगह पानी से भरी झीलों और गड्ढेदार सड़कों का निर्माण करवाया, आपके इस विशेष कार्य से टूरिज्म को बढ़ावा मिल रहा है। आलम यह है कि अब एक झील नही बल्कि शहर झीलों का शहर बना हुआ है। अब रोड़ पर गड्ढे नही गड्डों में रोड़ है। कुछ इस तरीके शहर की जलभराव की समस्या के लिए बड़खल की विधायिका सीमा त्रिखा तथा फरीदाबाद लोकसभा के सासंद कृष्ण पाल गुर्जर का तंजीय रुप में धन्यवाद किया गया है।

बहरहाल, अब देखने योग्य बात यह है कि क्या इससे सत्तासीन पार्टियों के नेताओं तथा अधिकारियों के कानों पर जूं रेगती है या नही।