April 30, 2024

हरियाणा में वैक्सीन स्टॉक खत्म होने से टीकाकरण अभियान को लगा बड़ा झटका

Chandigarh/Alive News : हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग के पास कोरोनारोधी वैक्सीन खत्म होने के कारण तेजी से चल रहे टीकाकरण अभियान को बड़ा झटका लगा है। ऐसे में कई जिलों में टीकाकरण अभियान कमजोर पड़ गया है। बीते बुधवार को प्रदेश मे बहुत कम लोगों का ही टीकाकरण हो पाया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़, पानीपत और करनाल में टीकाकरण का आंकड़ा 500 से भी नीचे रहा। शेष जिलों में अन्य दिनों के मुकाबले कम लोगों को ही टीका मिल पाया। सबसे अधिक गुरुग्राम में 9 हजार और सबसे कम करनाल में 313 लोगों को वैक्सीन दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र सरकार से वैक्सीन की मांग की है। संभावना है कि गुरुवार शाम तक स्टॉक मिल जाएगा। लेकिन मिलने वाली दवा की संख्या भी करीब डेढ़ लाख बताई जा रही है, जो मात्र एक दिन का ही काम चला सकेगी। संभावना जताई जा रही है कि आगामी कुछ दिनों में स्टाक की कमी के चलते लोगों का टीकाकरण प्रभावित रहेगा।

बता दें, कि तीन जुलाई तक प्रदेश में तेजी से वैक्सीनेशन हुआ। औसतन रोजाना डेढ़ लाख लोगों को रोजाना कवर किया गया। इसके बाद अचानक से स्टॉक कम होने लगा। अब तक हरियाणा के कुल 9616991 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें से सबसे अधिक संख्या 18 से 44 साल के लोगों की है।