New Delhi/Alive News: बीते दिनों सोशल मीडिया पर हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर बैठी एक लड़की का वीडियो खूब वायरल हुआ था। वीडियो में कोरोना वायरस से पीड़ित एक लड़की ‘लव यू जिंदगी’ गाने पर झूमती नजर आ रही थी। यह वीडियो इसी वजह से वायरल भी हुआ था कि गाने पर झूमती लड़की से लोगों को जिंदादिल रहने और कठिन परिस्थिति में भी उम्मीद न हारने की प्रेरणा मिल रही थी। दुख की बात यह है कि मौत ने इस लड़की की जीने की उम्मीद छीन ली। कोरोना से जंग में यह जिंदादिल लड़की हार गई।
अस्पताल में नहीं मिल पाया था आईसीयू बेड
इस लड़की का वीडियो 8 मई को ट्वटिर पर डॉ. मोनिका लांगेह ने शेयर किया था। जानकरी के मुताबिक लड़की को अस्पताल में आईसीयू बेड नहीं मिल पाया था। इसलिए उसे कोविड इमरजेंसी वार्ड में एडमिट किया गया था। वीडियो शेयर करते समय बताया था कि कोरोना पीड़ित इस लड़की को एनआईवी (नॉन इनवेसिव वेंटिलेशन) पर रखा गया था। लड़की की जिंदगी बचाने के लिए रेमडेसिवीर और प्लाज्मा थेरेपी भी दी गई थी।
ट्विटर पर डॉ ने लिखा, ‘यह लड़की मात्र 30 साल की है। कोरोना संक्रमित इस लड़की को आईसीयू बेड नहीं मिल सका। हालत को संभालने के लिए इस लड़की को कोविड इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। वह पिछले दस दिनों से यहां भर्ती है। इससे सीख मिलती है कि जिंदगी में हालात कैसे भी हों, उम्मीद मत खोना।’ जब वीडियो वायरल हुआ था तब डॉक्टरों ने बताया था कि लड़की की हालत में सुधार हो रहा है और उसे डिस्चार्ज करने पर भी विचार किया जा रहा है। लेकिन अचानक उसकी तबीयत फिर से बिगड़ने लगी और इस बार डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए। ऐसे में वह जिंदगी की जंग हार गई।