Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बल्लभगढ़ की नबलू कॉलोनी निवासी ऋतिक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 28 नवंबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ऋतिक के पास अवैध हथियार है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सेक्टर-62 से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आदर्श नगर में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी देसी कट्टा उत्तर प्रदेश के मथुरा से 2,500 रुपये में खरीदकर लाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी अवैध हथियार और चोरी के 10 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

