Faridabad/Alive News: जन्म के बाद शुरुआती समय नवजात शिशुओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान सांस लेने में परेशानी, पीलिया, कम वजन और समय से पहले जन्म जैसी समस्याएं कई बार बच्चों के लिए गंभीर चुनौती बन जाती हैं। ऐसे नवजातों को बेहतर देखभाल देने में बीके अस्पताल की मातृ-नवजात शिशु देखभाल इकाई (एमएनसीयू) अहम भूमिका निभा रही है। यहां हर महीने करीब 200 से 220 नवजातों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। प्रतिदिन छह से सात बच्चों को विशेष निगरानी में रखा जाता है।
इनमें अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों के साथ निजी अस्पतालों से रेफर होकर आने वाले नवजात भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, समय से पहले जन्म लेने वाले और जन्म के तुरंत बाद सांस लेने में परेशानी महसूस करने वाले बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे बच्चों की सांस, शरीर का तापमान, पोषण और संक्रमण से बचाव पर लगातार नजर रखी जाती है।
जन्म के बाद बच्चे का नहीं रोना भी चिंता का विषय
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विष्णु कांत के अनुसार, जन्म के तुरंत बाद नवजात का नहीं रोना खतरे का संकेत हो सकता है। कई बार पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण ऐसी स्थिति बनती है। इसलिए जन्म के बाद बच्चे की स्थिति का तुरंत आकलन करना जरूरी है। जन्म के एक घंटे के भीतर नवजात को मां का पहला दूध पिलाना चाहिए। इसमें मौजूद पोषक तत्व और एंटीबॉडी बच्चे को संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं। वहीं, स्तनपान में देरी होने से बच्चे को शुरुआती जरूरी पोषण मिलने में परेशानी हो सकती है।
गंभीर हालत में 20 नवजात दिल्ली रेफर
बीके अस्पताल में भर्ती बच्चों का उपचार करने के साथ अभिभावकों की काउंसलिंग भी की जाती है। बच्चों की स्थिति में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी जाती है। हालांकि, गंभीर स्थिति वाले करीब 20 नवजातों को बेहतर उपचार के लिए हर महीने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर करना पड़ता है।

