Faridabad/Alive News: राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति (एससी) के विद्यार्थियों का मासिक वजीफा डाटा में गड़बड़ी के कारण अटक गया है। वित्त वर्ष 2025-26 में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को वजीफा राशि नहीं मिल सकी। अब शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को संबंधित विद्यार्थियों का रिकॉर्ड ठीक करवाने के निर्देश दिए हैं।
27 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, वजीफा नहीं मिलने वाले विद्यार्थियों के नाम के सामने डाटा से जुड़ी कमियां दर्ज की गई हैं। अधिकारियों को सूची के अनुसार इन कमियों को दूर करवाकर 2 दिसंबर तक रिपोर्ट भेजनी होगी। रिपोर्ट संबंधित शाखा की ई-मेल पर भेजनी अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय में रिपोर्ट नहीं भेजने पर संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी होगी।

