November 28, 2026

240 अधिकारियों को सौंपी स्कूलों की जिम्मेदारी, कामकाज की जानकारी नहीं

Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बेहतर करने के लिए जिले में 25 विभागों के करीब 240 अधिकारियों को स्कूल गोद देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अधिकारियों को अलग-अलग स्कूल आवंटित किए गए हैं, ताकि वे वहां की जरूरतों को समझकर कमियां दूर कराने में सहयोग कर सकें। लेकिन योजना के तहत अब तक कितने अधिकारियों ने स्कूलों का दौरा किया और वहां क्या सुधार कराया, इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के पास नहीं है। विभाग के पास न तो दौरे का रिकॉर्ड है और न ही किए गए कार्यों की नियमित रिपोर्ट पहुंच रही है।

इस योजना में सिंचाई विभाग, बिजली निगम, बैंक और अन्य प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों की सूची मांगे जाने पर शिक्षा विभाग ने करीब 240 अधिकारियों के लिए स्कूल आवंटित किए थे। हाल ही में डीसी आयुष सिन्हा ने भी एक सरकारी स्कूल का दौरा किया था।

पोर्टल का एक्सेस भी नहीं

डिप्टी डीईओ मनोज मित्तल के अनुसार, योजना से जुड़े निर्देश सीधे डीसी कार्यालय और जिला प्रशासन की ओर से मिले थे। शिक्षा विभाग को केवल स्कूलों की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था। अधिकारियों के दौरे और उनके कामकाज की निगरानी का रिकॉर्ड विभाग के पास नहीं है। संबंधित ऑनलाइन पोर्टल का एक्सेस भी शिक्षा विभाग को नहीं मिला है। ऐसे में विभाग यह नहीं बता सकता कि कितने अधिकारियों ने स्कूलों का दौरा किया और वहां क्या काम करवाए गए।

योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में जरूरी सुविधाएं बढ़ाना और विद्यार्थियों को बेहतर माहौल देना है। अब देखना होगा कि अधिकारियों के प्रयासों से स्कूलों की कमियों को दूर करने में कितनी मदद मिलती है।