November 28, 2026

1255 विद्यार्थियों की आज होगी एनएमएमएस परीक्षा, छात्रवृत्ति पाने का मौका

Haryana Board new examination centre application for Secondary and Senior Secondary exams 2027

Faridabad/Alive News: आर्थिक परेशानी के कारण पढ़ाई छोड़ने की नौबत न आए, इसके लिए मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की योजना के तहत आज राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले के 1255 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं। पेपर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।

शिक्षा विभाग ने परीक्षा को नकल रहित और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए तैयारियां की हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिले के दो सरकारी स्कूलों के अलावा अग्रवाल मॉडर्न स्कूल में दो और पर्वतीय कॉलोनी स्थित कर्मभूमि पब्लिक स्कूल में एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा पर नजर रखने के लिए जांच टीम भी गठित की जा रही है।

जिला गणित विशेषज्ञ धर्मेंद्र ने बताया कि परीक्षा के बाद केंद्र अधीक्षक ओएमआर शीट के सीलबंद पैकेट, हस्ताक्षर चार्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराएंगे। इसके बाद बोर्ड की टीम इन्हें उसी दिन भिवानी मुख्यालय पहुंचाएगी।

चार साल तक मिलती है छात्रवृत्ति

एनएमएमएस केंद्र सरकार की योजना है। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक छात्रवृत्ति दी जाती है। इसका उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच में छूटने से रोकना और स्कूल छोड़ने की दर कम करना है।