November 28, 2026

14 में से चार फ्रीजर बंद, शव रखने के लिए बचे सिर्फ 10

Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल के शव गृह में शवों को सुरक्षित रखने के लिए लगाए गए फ्रीजर में से करीब एक चौथाई काम नहीं कर रहे हैं। यहां कुल 14 फ्रीजर लगाए गए हैं, लेकिन चार खराब होने के कारण फिलहाल केवल 10 का ही इस्तेमाल हो पा रहा है। इससे शव गृह की व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। जरूरत के समय अधिक शव आने पर उन्हें सुरक्षित रखने के लिए जगह की कमी हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, चारों फ्रीजर में तकनीकी खराबी आई हुई है। लंबे समय से इनका इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। ऐसे में उपलब्ध फ्रीजर पर ही शवों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है। शव गृह में फ्रीजर का सही तरीके से काम करना जरूरी है, ताकि शवों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके। इसके बावजूद खराब फ्रीजर की मरम्मत में देरी हो रही है। अब अस्पताल प्रबंधन की ओर से तकनीकी कर्मचारियों को बुलाकर इनकी जांच और मरम्मत कराने की तैयारी की जा रही है।

क्या कहना है अधिकारी

तकनीकी कर्मचारियों की मदद से खराब फ्रीजर की जांच करवाकर मरम्मत कराई जाएगी, ताकि सभी फ्रीजर दोबारा काम करने लगें और शवों को सुरक्षित रखने में परेशानी न हो।
— डॉ. विकास गोयल, कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी