Faridabad/Alive News : सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस के नए भवन का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, बीके अस्पताल के पास बन रहे नए नागरिक अस्पताल के भवन को जनवरी 2028 तक तैयार किया जाना है। शुक्रवार को उपायुक्त आयुष सिन्हा ने दोनों निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
सर्किट हाउस के नए भवन का निर्माण करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। अब तक करीब 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। भवन में बेसमेंट, भूतल और चार अन्य मंजिलें बनाई जाएंगी। इसमें अधिकारियों के लिए 25 कमरे, चार वीआईपी सूट, एक वीवीआईपी सूट, जिम, 165 लोगों की क्षमता वाला सभागार और 16 स्टाफ कमरे बनाए जाएंगे। उपायुक्त ने भवन की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार जांच कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उपायुक्त ने बीके अस्पताल के पास बन रहे नए नागरिक अस्पताल के भवन का निरीक्षण किया। बेसमेंट के अलावा सात मंजिला इस भवन के निर्माण पर करीब 62.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने भवन की थर्ड पार्टी टेस्टिंग कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अब तक हुई जांच की रिपोर्ट भी मांगी।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहुजा को अस्पताल के लिए उपकरणों और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यालय को पत्र लिखने के निर्देश दिए, ताकि भवन तैयार होने के साथ जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त (प्रशिक्षु) मुस्कान, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
सर्किट हाउस दिसंबर 2027 और नागरिक अस्पताल जनवरी 2028 तक बनकर होगा तैयार

