November 27, 2026

महिलाओं और बिहारी संस्कृति पर अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया, पूर्व विधायक ने की कॉमेडियन यश पर केस दर्ज करने मांग

पूर्व विधायक नीरज शर्मा महिलाओं और बिहारी संस्कृति पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में DCP NIT को ज्ञापन सौंपते हुए।

Faridabad/Alive News: सोशल मीडिया पर वायरल एक आपत्तिजनक वीडियो में महिलाओं, विशेषकर बिहार की महिलाओं और भारतीय परंपरा के प्रतीक सिंदूर को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोपी स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त फरीदाबाद के नाम डीसीपी एनआईटी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाया कि जयपुर, राजस्थान निवासी स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच से महिलाओं की गरिमा, बिहार की महिलाओं और वहां की संस्कृति को लेकर अशोभनीय एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

नीरज शर्मा ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं के सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचाती हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों में नाराजगी है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत यश माहेश्वरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

ज्ञापन में वीडियो को प्रसारित करने वाले जिम्मेदार सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ भी जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पूर्व विधायक ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं की गरिमा और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद दया शंकर गिरी, डॉ. के.जे. सिंह, मास्टर संजीव कुशवाहा, प्रभु झा, रघुवर दयाल, बब्लू सहित स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।