November 27, 2026

धीरज नगर शराब ठेके के पास पत्थर से सिर पर वार कर सोनू की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद के धीरज नगर सोनू हत्याकांड में क्राइम ब्रांच DLF द्वारा गिरफ्तार आरोपी आकाश।

Faridabad/Alive News: धीरज नगर में शराब ठेके के पास युवक की पत्थर से हमला कर हत्या करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच डीएलएफ टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश निवासी जिला कासगंज, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी धीरज नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी विकास की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 23 नवंबर की रात एतमादपुर निवासी सोनू की धीरज नगर स्थित शराब ठेके के पास चोट मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में संतोष नगर निवासी गुड्डू ने थाना पल्ला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 24 नवंबर की सुबह उसे सूचना मिली कि उसके छोटे साले सोनू का शव धीरज नगर शराब ठेके के पास पड़ा है। सोनू के चेहरे पर चोट के निशान थे। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी आकाश ने बताया कि 23 नवंबर की रात वह अपने भाई विकास के साथ दिल्ली के मीठापुर में एक शादी समारोह में वेटर का काम करके वापस धीरज नगर स्थित अपने घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों शराब लेने के लिए ठेके पर रुके। वहां सोनू सो रहा था। आरोप है कि आकाश ने सोनू की जेब से 200 रुपये निकालने का प्रयास किया, इसी दौरान सोनू की नींद खुल गई और विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आकाश और विकास की सोनू के साथ हाथापाई हुई। इस दौरान विकास ने सोनू को पकड़ लिया और आकाश ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि आकाश और उसका भाई विकास वेटर का काम करते हैं।

क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने 27 नवंबर को आरोपी आकाश को गिरफ्तार किया। उसे शनिवार को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी विकास की तलाश जारी है।