Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1 करोड़ 8 लाख 10 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अश्वनी निवासी कालका, पंचकूला के रूप में हुई है। आरोपी की फर्म के बैंक खाते में ठगी के 2 लाख रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया था। संदेश भेजने वाले ने खुद को एसबीआई सिक्योरिटीज का कर्मचारी बताया और शेयर मार्केट में निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजकर कथित तौर पर एसबीआई सिक्योरिटीज का एडवांस ब्रोकर अकाउंट खुलवाया गया और उसे जे5-एसबीआई सिक्योरिटीज ग्रुप नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया।
आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने सितंबर 2025 से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1,08,10,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में न तो उसे निवेश की रकम वापस मिली और न ही वादे के मुताबिक कोई मुनाफा मिला। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अश्वनी ट्राईडेंट इंटरनेशनल नामक फर्म का मालिक है। उसने शाहवेज के नाम पर अपनी फर्म का बैंक खाता खुलवाया था। पुलिस के मुताबिक, इसी खाते में ठगी के 2 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी अश्वनी बी.कॉम पास है, जबकि शाहवेज को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि ट्राईडेंट इंटरनेशनल फर्म के बैंक खाते पर अलग-अलग राज्यों से 84 अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। आरोपी अश्वनी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

