November 27, 2026

आदर्श नगर पुलिस ने लगाया नशा-विरोधी जागरूकता एवं वेलनेस सेमिनार

फरीदाबाद के सुभाष कॉलोनी में आदर्श नगर पुलिस द्वारा आयोजित नशा-विरोधी जागरूकता एवं वेलनेस सेमिनार।

Faridabad/Alive News: नशा-मुक्त एवं अपराध-मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से थाना आदर्श नगर पुलिस टीम ने शुक्रवार को सुभाष कॉलोनी में नशा-विरोधी जागरूकता एवं वेलनेस सेमिनार का आयोजन किया। कार्यक्रम में युवाओं और स्थानीय नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

सेमिनार में आचार्य करमवीर ने प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन जीने के उपाय बताए। उन्होंने योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद, ध्यान और तनाव प्रबंधन तकनीकों के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य बनाए रखने की जानकारी दी। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका असर व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, करियर और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों से नशा-विरोधी अभियान का एंबेसडर बनकर अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई। सेमिनार के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने जीवनभर नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा-मुक्त एवं अपराध-मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की शपथ ली।