November 27, 2026

कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में मढनाका पलवल ने जींद मरेडा को 5 अंकों से दी मात

Palwal/Alive News: गांव कोंडल में आयोजित सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में मढनाका पलवल की टीम ने जींद मरेडा को पांच अंकों के अंतर से पराजित कर इनाम अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर की 16 टीमों ने हिस्सा लिया।​

ओमवीर तेवतिया के संयोजन में आयोजित इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद कांटे का रहा, जिसमें मढनाका की टीम ने 15 अंक हासिल किए, जबकि जींद मरेडा की टीम 10 अंक ही बना सकी। प्रतियोगिता में सौंध, गहलब और दयालपुर की टीमों ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

​समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मनमोहन भड़ाना सहित समाजसेवी हेम सिंह तेवतिया, यशपाल तेवतिया, इंस्पेक्टर सुभाष और सब-इंस्पेक्टर उधम सिंह ने शिरकत की। अतिथियों ने विजेता मढनाका टीम को 71 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी तथा उपविजेता जींद मरेडा की टीम को 51 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।​

इससे पूर्व राहुल, डॉ. सुभाष, राजू सरपंच, खजान पंच, योगेश पहलवान और एडवोकेट भूपेंद्र (भोजेंद्र) ने सभी अतिथियों का फूल-मालाओं, पगड़ी व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण आंचल में ऐसे खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।

इस अवसर पर आयोजन कमेटी के सदस्य महाशय अतर सिंह, दिगंबर, लखन, भगत और सूरज पहलवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।