November 26, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 3.28 लाख की ठगी: खाताधारक गिरफ्तार, 3 दिन के रिमांड पर​

Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए बल्लभगढ़ साइबर थाना पुलिस ने टेलीग्राम टास्क में निवेश का झांसा देकर महिला से 3,28,948 रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विकास सेन के रूप में हुई है, जो राजस्थान के झुंझुनू का रहने वाला है।​

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-65 निवासी पीड़ित महिला को व्हाट्सएप के जरिए टेलीग्राम टास्क में निवेश कर घर बैठे मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। आरोपितों ने पहले थोड़ा मुनाफा दिखाकर महिला का भरोसा जीता और फिर कई ट्रांजेक्शन के माध्यम से उससे 3,28,948 रुपये लगवा लिए। इसके बाद न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम लौटाई गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच की गई।

​पूछताछ में सामने आया कि विकास उस बैंक खाते का धारक है, जिसे उसने आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपित बीए पास है और बेरोजगार है। इस मामले में पहले भी दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने विकास को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।