Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की एवीटीएस सिकरोना टीम ने गांजा तस्करी के आरोप में मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 25 नवंबर को एवीटीएस सिकरोना टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भूपानी गांव निवासी गोबिंद को 1.600 किलोग्राम गांजे के साथ काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना भूपानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद गांजा आरोपी की मां बेचने के उद्देश्य से 10 हजार रुपये में खरीदकर लाई थी। मामले में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसकी मां को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गोबिंद राजमिस्त्री का काम करता है।दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

