Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में अज्ञात मरीज की मौत के मामले में अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसे करीब एक सप्ताह तक बेड से बांधकर क्यों रखा गया और इस दौरान उसकी देखभाल किस तरह की गई। मरीज के हाथ-पैर बंधे होने का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद कमेटी अपनी रिपोर्ट नहीं सौंप सकी है। इससे जांच की प्रक्रिया और अस्पताल प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल, 8 नवंबर की रात एनएचएआई की एंबुलेंस से एक अज्ञात मरीज को बीके अस्पताल लाया गया था। उसके हाथ पर कपिल नाम का टैटू बना हुआ था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज का व्यवहार असामान्य था और दूसरे मरीजों को नुकसान पहुंचाने की आशंका के चलते उसे बेड से बांधकर रखा गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। इसके बाद सामने आए वीडियो ने मरीज की देखभाल और उसे दिए गए उपचार को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने डॉ. अनु फोगाट, डॉ. संदीप और डॉ. गौड़ की तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। कमेटी को मरीज की बीमारी, उपचार, दवाइयों, खाना-पानी और निगरानी से जुड़े पहलुओं की जांच करनी थी।
जांच रिपोर्ट पर अधिकारियों की चुप्पी
रिपोर्ट के संबंध में डॉ. अनु फोगाट से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने सवाल सुनने के बाद फोन काट दिया। दोबारा संपर्क करने पर भी जवाब नहीं मिला। सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस विभाग की ओर से भी अपने स्तर पर जांच की जा रही है। दोनों जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

