Faridabad/Alive News: मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए जिला निर्वाचन विभाग ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत अब अनुपस्थित, दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर उनके विवरण की मौके पर जांच की जाएगी। अधिकारियों को बूथ स्तर पर जाकर यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंच गए हैं या नहीं। बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अभियान की समीक्षा कर सभी उपायुक्तों को निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट श्रेणी में चिह्नित किया गया है, उनके पते पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। बीएलओ की ओर से गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण भी समय पर सुनिश्चित किया जाए।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण की प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। एएसडीडी श्रेणी के प्राप्त प्रपत्रों का निपटान 10 दिसंबर तक किया जाएगा। दावे और आपत्तियों के निपटान की अंतिम तारीख 15 दिसंबर निर्धारित की गई है।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया सहित सभी संबंधित एसडीएम और निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

