Faridabad/Alive News: सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने से लेकर जमीन की रजिस्ट्री और पुलिस निगरानी तक डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल अब प्रशासनिक व्यवस्था का अहम हिस्सा बन रहा है। हरियाणा में अपनाई जा रही इन व्यवस्थाओं को समझने के लिए बुधवार को श्रीलंका के सिविल सेवा अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल फरीदाबाद पहुंचा। यहां अधिकारियों ने परिवार पहचान पत्र, ऑनलाइन नागरिक सेवाओं, पेपरलेस रजिस्ट्री और डिजिटल पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल को प्रदेश और जिला स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था तथा सुशासन के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरल पोर्टल पर विभिन्न विभागों की सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वहीं, मेरी फसल मेरा ब्यौरा के तहत पंजीकृत किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जाती है और भुगतान 48 घंटे में डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में भेजा जाता है।
प्रतिनिधिमंडल को पेपरलेस रजिस्ट्री, ऑटो म्यूटेशन और डिजिटल राजस्व रिकॉर्ड की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नागरिक समाधान शिविर और सीएम विंडो के माध्यम से लोगों की शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है।
वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा ने यूनिफाइड कमांड सेंटर, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और अपराध नियंत्रण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल की जानकारी दी। इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने प्रशासनिक अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणाली पर विचार साझा किए।

