November 25, 2026

मुंबई जाने की जरूरत नहीं, फरीदाबाद में ही बनेगी पूरी फिल्म, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मौका

Faridabad/Alive News: फिल्मों में काम करने और फिल्म निर्माण से जुड़ने का सपना देखने वाले फरीदाबाद के लोगों के लिए शहर में ही नए अवसर खुलने जा रहे हैं। औद्योगिक नगरी में अब फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने की पहल शुरू हुई है। बुधवार को फिल्म ‘कंचा पीस’ की शूटिंग का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने क्लैप देकर किया। खास बात यह है कि फिल्म की पूरी शूटिंग फरीदाबाद में ही होगी। इसके निर्माता से लेकर कलाकारों तक शहर से जुड़े लोग शामिल हैं। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सकेगा।

फिल्म के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद की पहचान अब तक उद्योग और कारोबार के क्षेत्र में रही है, लेकिन अब शहर फिल्म जगत में भी अपनी जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां पूरी फिल्म की शूटिंग होना शहर के लिए गर्व की बात है। इससे स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों को प्रोत्साहन मिलेगा।

हास्य और रोमांच से भरपूर यह पारिवारिक फिल्म हर आयु वर्ग के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। फिल्म अभिनेता संजय मिश्रा ने बताया कि इसमें उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके अभिनय करियर में यह पहला मौका है, जब किसी फिल्म की पूरी शूटिंग फरीदाबाद में होगी। निर्देशक रामजी बाली ने भी कहा कि शहर में फिल्म निर्माण की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों को इससे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

फिल्म निर्माता डॉ. प्रदीप मोहंती ने बताया कि उनका उद्देश्य फरीदाबाद को औद्योगिक पहचान के साथ फिल्म जगत में भी पहचान दिलाना है। कार्यक्रम में अभिनेता विजय राज, नीरज सूद, मेघना मलिक, इनामुल हक, अश्वत भट सहित कई कलाकार और शहर के उद्योगपति मौजूद रहे।