साइबर थाना NIT की कार्रवाई, पीड़ित को पार्ट टाइम नौकरी का दिया था झांसा; ठगी के 50 हजार रुपये पहुंचे थे उपलब्ध कराए गए खाते में
Faridabad/Alive News: पार्ट टाइम नौकरी और टेलीग्राम टास्क के नाम पर साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपी आकाश निवासी इंद्रपुरी वेस्ट, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पर्वतीया कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से 7,65,839 रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पीड़ित ने साइबर थाना NIT में दी शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को उसके मोबाइल फोन पर एक युवती का फोन आया। युवती ने उसे पार्ट टाइम नौकरी का ऑफर दिया और व्हाट्सएप पर एक टेलीग्राम आईडी भेजी। टेलीग्राम ग्रुप ज्वाइन करने के बाद उसे प्रीपेड टास्क दिए जाने लगे। इन टास्क को पूरा करने और अधिक कमाई का लालच देकर उससे अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 7,65,839 रुपये निवेश करवा लिए गए। बाद में उसे न तो निवेश की गई रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा दिया गया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आकाश ने सुरेश नाम के खाताधारक का बैंक खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। जांच के अनुसार, सुरेश के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये आए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पांचवीं पास है और मजदूरी का काम करता है।
पुलिस ने आरोपी आकाश और खाताधारक सुरेश को अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

