November 24, 2026

हिमालय में विकास के नाम पर सुरक्षा से समझौता नहीं, निर्माण से पहले जांच जरूरी : गडकरी

Faridabad/Alive News: हिमालय जैसे संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में विकास कार्यों के दौरान पर्यावरण और लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सड़क निर्माण और अन्य परियोजनाओं को शुरू करने से पहले यह जांचना जरूरी है कि संबंधित क्षेत्र की जमीन कितनी स्थिर है और वहां भूस्खलन का कितना खतरा है। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के बजाय सुरक्षा को प्राथमिकता देनी होगी। यह बात केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को सातवें विश्व भूस्खलन मंच के दूसरे दिन आयोजित एशिया लीडरशिप डायलॉग में कही।

गडकरी ने कहा कि हिमालय लाखों लोगों के जीवन और आजीविका का आधार है। ऐसे में यहां विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। पहाड़ी क्षेत्रों में निर्माण से पहले स्थानीय भूविज्ञान, जलविज्ञान और ढलानों की स्थिरता का वैज्ञानिक आकलन किया जाना चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीक के साथ निर्माण के बाद भी लंबे समय तक निगरानी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भूस्खलन से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आपदा आने के बाद बचाव कार्य करने के बजाय पहले से ही खतरे की पहचान और रोकथाम पर काम करना होगा। इसके लिए सरकार, उद्योग, शोध संस्थानों और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

गौरतलब है कि फरीदाबाद में अमृता विश्व विद्यापीठम की ओर से 23 से 27 नवंबर तक सातवें विश्व भूस्खलन मंच का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, इंजीनियर, नीति निर्माता और आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।