November 24, 2026

​सैलून की छत से एसी कॉपर वायर चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 टीम ने सैलून की छत से एसी की कॉपर वायर और जनरेटर के तार चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरजकुंड निवासी रोबिन और अरुण के रूप में हुई है।

​पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अनंगपुर गांव निवासी निशांत ने ग्रीनफील्ड पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 की रात अज्ञात चोरों ने उनकी सैलून की दुकान की छत पर लगे एसी से कॉपर वायर और जनरेटर की तार चोरी कर ली। इस शिकायत पर सूरजकुंड थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

​पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बेरोजगार हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने यह चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, अरुण के खिलाफ पहले भी चोरी के तीन से चार मामले दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से 18 सौ रुपये बरामद किए गए हैं और उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।