November 23, 2026

गुरु नानक देव जी की जयंती पर आर्य समाज प्रताप नगर में हवन यज्ञ आयोजित

Arya Samaj Pratap Nagar Havan Yajna

Yamunanagar/Alive News: आर्य समाज प्रताप नगर में रविवार को साप्ताहिक हवन यज्ञ का आयोजन श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आयोजित यज्ञ में विश्व कल्याण, सुख-शांति, आपसी भाईचारे और मानवता की सेवा के लिए आहुतियां अर्पित की गईं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए महामृत्युंजय मंत्र से विशेष आहुतियां दी गईं। श्रद्धालुओं ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और परिवार के कल्याण के लिए प्रार्थना की। हवन यज्ञ में यजमान के रूप में आर्य सुभाष सहगल ने परिवार सहित भाग लिया। यज्ञ का ब्रह्मात्व आर्य पवन गुप्ता और आर्य ममता ने संपन्न कराया।

कार्यक्रम में सरदार चरण सिंह चठा ने गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को एकता, समानता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने लोगों से जाति और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने वैदिक संस्कृति, धार्मिक सद्भाव और समाज सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सामूहिक वैदिक उद्घोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर आर्य कल्याण प्रधान, आर्य प्रेमचंद रोहिल्ला, आर्य प्रीतम धीमान, सरदार सुखविंदर सिंह चड्ढा, आर्य रजत रोहिल्ला, आर्य रामकुमार किशनपुरा, आर्य विजय कुमार, आर्य राजेश सिक्का सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।