Faridabad/Alive News: शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने सरूरपुर और मुजेसर क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली छह औद्योगिक इकाइयों को सील कर दिया। इन इकाइयों में पहले किए गए निरीक्षण के दौरान प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया था। कार्रवाई के दौरान दो औद्योगिक इकाइयों में डीजे सेट भी मिले।
उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। विभाग की ओर से इससे पहले सरूरपुर और मुजेसर की औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान प्रदूषण संबंधी मानकों की जांच की गई थी। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए गए थे। सोमवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर इन आदेशों की पालना कराते हुए छह इकाइयों को सील किया।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में प्रदूषण नियंत्रण मानकों की नियमित निगरानी की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायु प्रदूषण की रोकथाम प्रशासन की प्राथमिकता है और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और जरूरी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

