November 22, 2026

स्कूलों में बच्चों से सीधे पूछेंगे अधिकारी, कैसी हो रही पढ़ाई और कहां आ रही परेशानी

deo office

Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब अपनी समस्याएं बताने के लिए अधिकारियों के सामने सीधे अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। जिला प्रशासन ने जिले के 378 सरकारी स्कूलों का निरीक्षण कराने का फैसला लिया है। इस दौरान अधिकारी केवल स्कूलों की बिल्डिंग, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं की जांच नहीं करेंगे, बल्कि विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई के स्तर, शिक्षकों की उपलब्धता और स्कूल की व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लेंगे।

उपायुक्त कार्यालय की ओर से 19 नवंबर को जारी आदेश के तहत एसडीएम, एचसीएस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों को निर्धारित स्कूलों में पहुंचकर निरीक्षण रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसमें विद्यार्थियों की उपस्थिति, पढ़ाई का स्तर, शिक्षकों की समस्याएं, डिजिटल सुविधाएं, साफ-सफाई और मिड-डे मील की व्यवस्था की जानकारी जुटाई जाएगी। स्कूल प्रबंधन समिति की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी।

अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी स्कूलों की जिम्मेदारी

एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज को मंझावली, मंधावली, बुड़ासन और धरीड़ा के मिडिल व हाई स्कूलों का निरीक्षण करना है। एमसीएफ सचिव अमित मान को रायपुर कलां, मंझावली और अकबरपुर के चार प्राथमिक स्कूल सौंपे गए हैं। जिला परिषद की सीईओ शिखा अलीपुर, घरौड़ा, सुनपेड़ और प्रहलादपुर के स्कूलों का निरीक्षण करेंगी।

वहीं, एचएसवीपी-2 के अधिकारी विकास ढांडा को डीग और सागरपुर के चार स्कूलों तथा एमसीएफ के अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल को लहडोली, प्रहलादपुर और सागरपुर के तीन स्कूलों की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानने के निर्देश दिए गए हैं।