November 22, 2026

ठंड में कम हो रही बुजुर्गों की शारीरिक सक्रियता, घुटनों और कमर के दर्द से बढ़ी परेशानी

Faridabad/Alive News: ठंड बढ़ने के साथ बुजुर्गों की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है। सुबह-शाम की ठंड से बचने के लिए बुजुर्ग घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। शारीरिक गतिविधियां कम होने और पहले से मौजूद हड्डियों की समस्याओं के चलते जोड़ों में दर्द और अकड़न की शिकायत बढ़ रही है। बीके नागरिक अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 60 से अधिक बुजुर्ग घुटनों, कमर और कंधों के दर्द की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रवि शंकर के अनुसार, तापमान में गिरावट के कारण मांसपेशियों में खिंचाव और जोड़ों में अकड़न महसूस हो सकती है। गठिया और हड्डियों से जुड़ी पुरानी समस्याओं से परेशान बुजुर्गों को ठंड में अधिक दिक्कत होती है। खासकर लंबे समय तक एक जगह बैठने के बाद उठने और चलने में परेशानी महसूस होती है।

उन्होंने बताया कि बुजुर्गों को ठंड से बचाव के साथ अपनी शारीरिक सक्रियता भी बनाए रखनी चाहिए। घर में हल्की कसरत और टहलना जारी रखें। धूप निकलने पर कुछ समय धूप में बैठें और जोड़ों में दर्द होने पर गर्म पानी से सिकाई करें। दर्द या सूजन अधिक होने पर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।