Faridabad/Alive News: कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्टर-17 पुलिस थाने में POSH अधिनियम 2013 पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें पीओसीएच ट्रेनर एडवोकेट काम्या ने एसएचओ मदन सिंह सहित थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान एडवोकेट काम्या ने बताया कि पीओसीएच कानून केवल कार्यालय परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि काम से जुड़े उन स्थानों पर भी लागू होता है जहां महिला अपने कार्य के सिलसिले में जाती है। उन्होंने कानून की विभिन्न धाराओं के तहत पीड़ित महिला की परिभाषा, यौन उत्पीड़न, कार्यस्थल और नियोक्ता की जिम्मेदारियों को विस्तार से समझाया।
उन्होंने बताया कि महिला विजिटर भी इस कानून के दायरे में आती हैं। शिकायत मिलने पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने, पीड़िता की पहचान गोपनीय रखने और विशाखा गाइडलाइंस का पालन करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
एसएचओ मदन सिंह ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे पुलिसकर्मियों को महिलाओं की शिकायतें अधिक संवेदनशीलता से सुनने और कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

