Faridabad/Alive News: ओपन स्कूल से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2027 में होने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 6 दिसंबर कर दी है। अब तक आवेदन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थी 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
पहले बोर्ड की ओर से आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई थी। हालांकि, कई विद्यार्थी तय समय में आवेदन नहीं कर पाए थे। ऐसे विद्यार्थियों को राहत देने के लिए बोर्ड ने अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला लिया है।
दसवीं और बारहवीं दोनों कक्षाओं के विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन करना होगा। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया गया है। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर जरूरी जानकारी भरने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बोर्ड की ओर से विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख तक इंतजार न करें और समय रहते अपना परीक्षा फॉर्म भर दें। आवेदन में किसी तरह की गलती होने या तकनीकी परेशानी आने पर अंतिम दिनों में दिक्कत हो सकती है।

