November 17, 2026

मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी की होगी जांच, नशा मुक्ति केंद्रों का भी होगा निरीक्षण

Officials reviewing measures to curb drug trafficking during an NCORD meeting in Faridabad.

Faridabad/Alive News: जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अब मेडिकल स्टोरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग की जांच की जाएगी। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सभी तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम पांच मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरे चालू होने चाहिए और उनकी रिकॉर्डिंग निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखी जाए।

उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय में एन-कॉर्ड और चिन्हित अपराधों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग को नशे के हॉटस्पॉट की संयुक्त सूची तैयार करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने को कहा। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियां, मैराथन और नुक्कड़ नाटक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

आयुष सिन्हा ने नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और वहां मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार उपचार व परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार नहीं होना चाहिए और उन्हें नियंत्रित करने के लिए प्रतिबंधित तरीकों या उपकरणों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। नशे के इंजेक्शन और सिरिंज साझा करने से फैलने वाले एचआईवी संक्रमण को रोकने के लिए भी जागरूकता और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में चिन्हित अपराधों, पॉक्सो और गंभीर आपराधिक मामलों की जांच व सुनवाई की स्थिति की समीक्षा भी की गई। डीसी ने पुलिस और अभियोजन विभाग को बेहतर समन्वय के साथ समय पर चार्जशीट दाखिल करने तथा पीड़ितों और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। एससी-एसटी एक्ट के मामलों और पीड़ितों को मिलने वाली मुआवजा राशि की प्रगति की भी समीक्षा की गई।