Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र में बिजली निगम के ट्रांसफॉर्मर से कॉपर वायर चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सिकरोना की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज उर्फ सर्रा और खुर्शीद निवासी गांव धौज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 6 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी ने शिकायत दी थी कि 29 और 30 सितंबर 2026 की रात गांव अलालपुर में लगे 25 केवीए के ट्रांसफॉर्मर से अज्ञात चोर कॉपर वायर चोरी कर ले गए थे। चोरी हुए सामान की कीमत 72,485 रुपये आंकी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना धौज में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सिकरोना की टीम ने सरफराज और खुर्शीद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि सरफराज ने अपने साथी आरिफ के साथ मिलकर ट्रांसफॉर्मर से कॉपर वायर चोरी की थी। इसके बाद चोरी की गई वायर कबाड़ी खुर्शीद को बेच दी थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरिफ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से 6 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

