November 16, 2026

टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर 1.70 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

टेलीग्राम टास्क निवेश साइबर ठगी मामले में फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में टेलीग्राम टास्क के जरिए निवेश पर मुनाफे का लालच देकर 1.70 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कन्हैया चंद्रवंशी निवासी गांव मंडनगढ़ और कृष्ण कुमार उर्फ राहुल निवासी गांव खामी, जिला छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जवाहर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 18 जुलाई को वह व्हॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा था। शुरुआत में उसे अलग-अलग ऑनलाइन टास्क दिए गए और उन्हें पूरा करने पर पैसे भी मिले। इसके बाद साइबर ठगों ने उसे प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश करने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 1.70 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में न तो उसे निवेश की रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि कन्हैया ने अपने पिता का बैंक खाता लेकर कृष्ण कुमार को उपलब्ध करवाया था। इस खाते में ठगी की रकम में से 75 हजार रुपये आए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।