November 16, 2026

अवैध हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल, देसी कट्टा और कारतूस बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किए गए दो आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। दोनों गिरफ्तारियां 15 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर की गईं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने वरुण उर्फ छिलका निवासी भूदत्त कॉलोनी को सीकरी बॉर्डर नाके से गिरफ्तार किया। उसके पास से अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला। पूछताछ में उसने बताया कि आपसी रंजिश के चलते उसने नोएडा से 55 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी थी। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने प्रकाश रजक निवासी मध्य प्रदेश, हाल निवासी गांव नवादा को टीटू कॉलोनी में आगरा नहर के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से देसी कट्टा बरामद हुआ। वरुण को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।