November 15, 2026

घरेलू विवाद के बीच सोते हुए बेटे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 11 साल का वंश झुलसा

Faridabad/Alive News: संजय कॉलोनी की लाल कोठी के पास घरेलू विवाद के बीच एक पिता पर अपने ही 11 वर्षीय बेटे को आग लगाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे बच्चा वंश घर में सो रहा था। इसी दौरान उसके पिता राजू ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में वंश बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे उपचार के लिए बीके नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, आरोपी राजू शराब पीने का आदी है। उस पर पहले भी पत्नी के साथ मारपीट करने और बच्चों से गाली-गलौज करने के आरोप लगते रहे हैं। परिवार की ओर से इस संबंध में कई बार पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब बेटे के साथ हुई इस घटना के बाद परिवार में डर का माहौल है।